छत्तीसगढ़

CG- नशे के कारोबारियों पर बड़ा आर्थिक प्रहार: SAFEMA/NDPS Act के तहत 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज….

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत नशे के कारोबार से जुड़ी 35.85 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

पढ़िए पूरी खबर

दरअसल, धमतरी पुलिस की ओर से कार्रवाई को केवल गिरफ्तारी और न्यायालयीन मामलों तक सीमित न रखते हुए, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हांकित कर उन पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी और थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा जांच, वित्तीय विश्लेषण और दस्तावेजों के आधार पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी इकट्ठा की गई।

जांच में बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश की जानकारी सामने आई। उस संपत्तियों को NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई और मामले को सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA मुंबई के सामने पेश किया गया।

SAFEMA का पहला मामला

आरोपी आरती रजक, पत्नी स्व. राम रजक से संबंधित बैंक खातों और निवेशित राशि की जांच में कुल 12,93,636.76 रूपये की संपत्ति फ्रीज की गई। फ्रीज की गई संपत्तियों में बैंक खाता, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं।

SAFEMA का दूसरा मामला

आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित कुल 22,91,479.75 रूपये की संपत्ति फ्रीज की गई।

इस तरह दोनों मामलों में नशे के अवैध कारोबार से संबंधित आरोपियों की कुल 35,85,116.51 रूपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से सबूतों और अभिलेखों के आधार पर यह पाया गया कि संबंधित संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित आय से जुड़ी हुई हैं।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

नशे का कारोबार करने वालों पर अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। नशे के विरुद्ध धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

पुलिस की अपील

आम नागरिकों से अपील है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस की मुहिम – अपराध भी रोकेंगे, अवैध कमाई पर भी प्रहार करेंगे।

Related Articles

Back to top button