CG – कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा खम्हरिया का मामला वार्ड-10 में सीसी रोड नहीं किचड़ मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील ग्रामीणों ने लगाई गुहार पढ़े पूरी ख़बर
सीपत// क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हरिया की बदहाल सड़कों का मामला अब कलेक्टर जनदर्शन तक पहुंच गया है। ग्राम खम्हरिया के आवास मोहल्ला वार्ड नं.10 में सीसी रोड नहीं होने और खम्हरिया से जेवरा नवापारा मुख्य मार्ग के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने को लेकर ग्रामीण मोती किशोर जायसवाल ने दिनांक 25/08/2026 को कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल को जनदर्शन में आवेदन देकर गुहार लगाई है।
आवेदन में क्या है?
आवेदन में बताया गया है कि आवास मोहल्ला वार्ड नं. 10 में आज तक सीसी रोड नहीं बना है। इस बरसात में पूरे मोहल्ले में भारी कीचड़ और गंदगी फैल गई है, जिससे वार्डवासियों का आना-जाना पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय से 30 कि.मी. दूर खम्हरिया से जेवरा नवापारा मुख्य मार्ग पिछले एक साल से पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। पूरे मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भर गया है। इससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजाना बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीण भगवान भरोसे इस जानलेवा सड़क पर चलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार अखबारों और सोशल मीडिया में खबर प्रकाशित हो चुकी है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग अब तक नहीं जागा है।
कलेक्टर से की मांग…
ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि वार्ड 10 में अति शीघ्र सीसी रोड का निर्माण और खम्हरिया-जेवरा नवापारा मुख्य मार्ग में डामरीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को कीचड़ और गड्ढों से निजात मिल सके।




