CG- भगवान से नाराज बेरोजगार युवक ने मंदिर में तोड़ीं प्रतिमाएं, CCTV फुटेज से आरोपी को किया गिरफ्तार…

रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र के पड़ाव स्थित एक मंदिर में भगवान शिव, हनुमान और साईं बाबा की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान 42 वर्षीय हेमंत अग्रवाल के रूप में हुई है.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
गुढ़ियारी थाना पुलिस के मुताबिक, मंदिर से जुड़े प्रवीण लांजेवर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाओं को तोड़कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस हेमंत अग्रवाल तक पहुंची. पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से बेरोजगार था और इसी कारण भगवान के प्रति उसके मन में नाराजगी पैदा हो गई थी.
भगवान का साथ नहीं मिलने से था नाराज
पुलिस के अनुसार, हेमंत का मानना था कि उसकी प्रार्थनाओं का कोई असर नहीं हो रहा और उसे नौकरी नहीं मिल रही है. इसी गुस्से में उसने 27 अगस्त की रात करीब तीन बजे घर से छैनी और हथौड़ा लिया और मंदिर पहुंच गया. वहां उसने शिवलिंग, हनुमानजी और साईं बाबा की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद वह औजार अपने साथ वापस घर ले गया और उन्हें छिपा दिया.
घर से बरामद हुए छैनी और हथौड़ा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई छैनी और हथौड़ा बरामद कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.



