छत्तीसगढ़

CG – राजधानी में एक्सपायरी मिल्क पाउडर से नवजात बच्ची की मौत, इस बड़े मेडिकल से की गई थी खरीदी, थाने में शिकायत दर्ज……

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने लक्ष्मी मेडिकल हॉल पर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर से खरीदा गया एक्सपायरी मिल्क पाउडर नवजात बच्ची को पिलाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत कर न्याय की मांग की है।

पीड़ित चंद्रशेखर कन्नोजे ने बताया कि 29 जून को उनकी पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह देते हुए पर्ची लिखी थी। इसके बाद 30 जून को पीड़ित पिता मेकाहारा गेट के पास स्थित लक्ष्मी मेडिकल हॉल से एक मिल्क पाउडर का डिब्बा अंकित मूल्य पर खरीदकर परिजनों को दे दिया।

परिजनों के मुताबिक, दोनों नवजात बच्चियों में से एक को मिल्क पाउडर का दूध बनाकर पिलाया गया। इसके बाद 4 जुलाई को उसकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों को जानकारी दी गई। हालत गंभीर होने पर बच्ची को आईसीयू में भर्ती किया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर अंकित एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से बच्ची की तबीयत बिगड़ी है।

इसके बाद परिजन मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर मेडिकल हॉल पहुंचे और एक्सपायरी सामान देने पर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उनके हाथ से वह मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया।

दो दिन तक हालत गंभीर रहने के बाद इलाज के दौरान आज 5 जुलाई को नवजात बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में जाकर लिखित शिकायत दी। इसके बाद थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने मेडिकल हॉल संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय को पत्र भेजकर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने के आरोपों की जांच कराने की मांग की गई है।

फिलहाल, नवजात बच्ची की मौत से कन्नौजे परिवार गहरे सदमे में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button