CG – शातिर ठग ने अश्लील वीडियो देखती हो कहकर शिक्षिका को डराया, फिर इस बड़े कांड को दिया अंजाम……

बिलासपुर। साइबर ठग लोगों को डराकर पैसे ऐंठने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार बिलासपुर शहर के सिविल लाइन क्षेत्र की एक शिक्षिका को मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर बदनाम करने और एफआईआर कराने की धमकी देकर साइबर ठग ने 76 हजार 500 रुपए की ठगी कर ली। ठग ने खुद को सुनील बताते हुए कई किश्तों में फोन पे के जरिए रकम ट्रांसफर कराई। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जाने पूरा मामला
42 वर्षीय शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई है कि चार जुलाई को दोपहर करीब 12.30 बजे एक अनजान मोबाइल नंबर से उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह उनके मोबाइल से अभद्र वीडियो देखने की जानकारी रखता है। उसने धमकी दी कि वह वीडियो वायरल कर देगा और शिक्षिका होने के कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो जाएगी। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा व बदनामी के डर से शिक्षिका ठग के झांसे में आ गईं। फोन करने वाले ने अलग-अलग किश्तों में क्यू आर कोड भेजकर फोन पे के माध्यम से कुल 76 हजार 500 रुपए ट्रांसफर करा लिए।
ठगी का हुआ एहसास, पुलिस में की शिकायत
जब शिक्षिका को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने उसी दिन दोपहर 2.50 बजे राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद बैंकिंग सिस्टम के जरिए 28 हजार 993 रुपए की राशि होल्ड करा दी गई। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318 (4) व आईटी एक्ट की धारा 66 (डी) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



