CG – 30 दिन–30 वार्ड जनसंवाद अभियान बांकी मोंगरा में अब जनता के बीच पहुंचेंगे चारों एल्डरमैन पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा//नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में अब जनसमस्याओं को लेकर सीधे जनता के बीच पहुंचने की पहल शुरू होने जा रही है। “जनता की समस्या, हमारी प्राथमिकता” के संदेश के साथ चारों एल्डरमैन के संयुक्त नेतृत्व में “30 दिन–30 वार्ड जनसंवाद अभियान” की शुरुआत 16 अगस्त से होगी।
बांकी मोंगरा में 30 वार्ड हैं और अब अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी। अभियान का उद्देश्य केवल लोगों की शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि मौके पर समस्याओं का निरीक्षण, प्राथमिकता तय करना और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करना बताया गया है।
हर वार्ड में जनता से सीधा संवाद…
अभियान के दौरान चारों एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, निराकार नाहक और देव प्रसाद यादव वार्डों में पहुंचकर नागरिकों से संवाद करेंगे। लोगों से सड़क, नाली, पानी, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, जलभराव सहित स्थानीय स्तर की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली जाएगी।
अभियान की खास बात यह होगी कि समस्या केवल कागज पर दर्ज नहीं होगी, बल्कि मौके पर पहुंचकर उसकी वास्तविक स्थिति देखने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही गई है।
“विरोध नहीं, विकास की बात” का संदेश…
चारों एल्डरमैनों की ओर से जारी अभियान का संदेश साफ है—“विरोध नहीं, विकास की बात… वादे नहीं, समस्याओं की पहचान… सिर्फ चर्चा नहीं, समाधान की दिशा में पहल।”
यानी यह अभियान राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जमीनी समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए दबाव बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
जनता की समस्या बनेगी प्राथमिकता
अभियान के तहत वार्डों में पहुंचकर जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं की सूची तैयार की जाएगी। प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा और संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए पहल की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि 30 दिन तक चलने वाला यह जनसंवाद अभियान बांकी मोंगरा के 30 वार्डों की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में कितना सफल होता है और जनता की शिकायतों का समाधान कितनी तेजी से होता है।
30 दिन… 30 वार्ड… जनता के बीच सीधा संवाद—अब बांकी मोंगरा में विकास के मुद्दों पर होगी खुलकर बात।




