छत्तीसगढ़

CG- वैद्य के भेष में दरिंदा : इलाज के बहाने नाबालिग का यौन शोषण करने का लगा आरोप, 5 महीने की गर्भवती मिली बच्ची, आरोपी गिरफ्तार…..

अंतागढ़। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। ताड़ोकी थाना क्षेत्र में उपचार और झाड़-फूंक के नाम पर 14 वर्षीय नाबालिग के कथित यौन शोषण का आरोप 44 वर्षीय वैद्यराज पर लगा है। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उसके लगभग पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग के परिजनों ने ताड़ोकी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2026 में बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए ग्राम आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास ले जाया गया था।

आरोप है कि उपचार के दौरान वैद्यराज ने बच्ची को बच्चेदानी में समस्या होने की बात कही और उसे एक ताबीज दिया। इसके बाद भी परिजन कई बार बच्ची को उपचार के लिए उसके पास लेकर गए। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान बच्ची को परिजनों से अलग रखे जाने का भी आरोप है।

अक्टूबर में बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके लगभग पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों की पूछताछ में बच्ची ने कथित तौर पर आरोपी पर नशीली दवा देकर बेहोश करने और यौन शोषण करने का आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ताड़ोकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा (44 वर्ष), निवासी ग्राम आमागांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button