छत्तीसगढ़

CG- पिता बना हैवान: 6 माह की बेटी को दो बार जमीन पर पटका, ICU में भर्ती, पत्नी की इस बात से था नाराज…..

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपनी छह माह की बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची का आईसीयू में इलाज चल रहा है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपित पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक-35, मकान नंबर-01 निवासी सरगम कावरिया ने शिकायत में बताया कि करीब नौ महीने पहले उसने आशीष कावरिया से कोर्ट मैरिज की थी। 14 अक्टूबर की शाम वह समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से घर लौटी थी।

आरोप है कि रात करीब नौ बजे उसका पति बाहर से घर आया और मायके जाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपित ने अपनी छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। जब मां ने इसका विरोध किया, तो उसने बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद बच्ची बेहोश हो गई।

मासूम की हालत देखकर सरगम ने अपने मामा ससुर और मामी सास को बुलाया। इसके बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची आईसीयू में उपचाराधीन है।

घटना की शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने सोमवार को आरोपित आशीष कावरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button