छत्तीसगढ़

CG-बस में लगी झपकी और बदल गई मंजिल, कांकेर में सड़क हादसे में शिक्षक की दर्दनाक मौत…

कांकेर। कोंडागांव से कांकेर आने के लिए बस में सवार हुए एक शिक्षक के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। सफर के दौरान नींद लग जाने के कारण वे कांकेर के नए बस स्टैंड पर नहीं उतर सके। बस उन्हें गोविंदपुर तक ले गई। वहां उतरने के कुछ देर बाद सड़क हादसे में उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान अलबेला पारा शहीद कॉलोनी निवासी चंद्र हुलास ठाकुर के रूप में हुई है। वे कोंडागांव के बड़े बंजोड़ा हाईस्कूल में प्रभारी प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे।

कांकेर पहुंचने के लिए निकले थे शिक्षक

जानकारी के मुताबिक, घर से किसी जरूरी काम की सूचना मिलने के बाद चंद्र हुलास ठाकुर कोंडागांव से बस में सवार होकर कांकेर के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपने पुलिसकर्मी मित्र को फोन कर बताया था कि वे कांकेर के नए बस स्टैंड पहुंचेंगे। उन्होंने मित्र से वहां आकर उन्हें घर ले जाने के लिए भी कहा था।

पुलिसकर्मी मित्र तय समय पर नए बस स्टैंड पहुंच गया और बस का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद संबंधित बस स्टैंड पहुंची और वहां से आगे रवाना भी हो गई, लेकिन ठाकुर बस से नहीं उतरे। बताया जा रहा है कि सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई थी।

जब उनकी नींद खुली तो बस कांकेर से आगे निकल चुकी थी और गोविंदपुर पहुंच गई थी। इसके बाद वे गोविंदपुर में बस से उतर गए और अपने मित्र को फोन कर वहां बुलाया।

मित्र के पहुंचने से पहले ही हुआ हादसा

पुलिसकर्मी मित्र उन्हें लेने के लिए गोविंदपुर रवाना हुआ। इसी बीच कुछ देर बाद चंद्र हुलास ठाकुर के मोबाइल नंबर से उनके मित्र के पास दोबारा फोन आया। फोन रिसीव करने पर दूसरी तरफ एक राहगीर था। उसने बताया कि सड़क पर एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है और उसकी हालत गंभीर है।

सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मित्र गोविंदपुर स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचा। वहां चंद्र हुलास ठाकुर सड़क पर मृत अवस्था में मिले। बताया गया कि अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को उनके गृहग्राम खैरताल, बलौदाबाजार ले जाया गया।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अन्य माध्यमों से भी अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

चंद्र हुलास ठाकुर की अचानक हुई मौत से परिवार, परिचितों और शिक्षा जगत में शोक का माहौल है। कांकेर पहुंचने के लिए शुरू हुआ उनका सफर नींद के कारण गोविंदपुर तक पहुंचा और वहां हुए सड़क हादसे के बाद जिंदगी का सफर हमेशा के लिए थम गया।

Related Articles

Back to top button