CG – पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से पहले बड़ा कांड, कलश यात्रा में घुसे चेन स्नैचर, महिलाओं को बनाया निशाना, मचा हड़कंप……

दुर्ग। भिलाई में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचरों ने महिलाओं को अपना निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झपटने की करीब 4 से 5 घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हुई इन वारदातों के बाद यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली। धार्मिक आयोजन से पहले हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन बोल बम एवं कल्याण समिति की ओर से कराया जा रहा है। पुलिस अब घटनाओं की जांच के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
दरअसल, भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन होना है। कथा से पहले रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हुईं। यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से शुरू होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा पंडाल में समाप्त हुई।
इसी भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। कलश यात्रा के दौरान करीब चार से पांच महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आने की जानकारी मिली है। घटना के बाद महिलाओं में काफी नाराजगी देखने को मिली। भीड़ के बीच महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
वहीं सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शिव महापुराण कथा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से ज्यादा पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास की शिकायतें पुलिस को मिली हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कलश यात्रा के दौरान हुई इन घटनाओं ने आयोजन से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।



