छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : वेदांता पावर प्लांट हादसे में बड़ा एक्शन, कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित इन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज…..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले को लेकर पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज किया है। इसके अलावा प्रबंधक देवेंद्र पटेल पर भी FIR दर्ज हुई है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही और प्रबंधन की जिम्मेदारी तय होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

इससे पहले जिले पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर का बयान सामने आया था। उन्होंने बताया था कि वेदांता पावर प्लांट में हुई हालिया दुर्घटना में लगभग 20 लोगों की जान चली गई है और 15 लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। हमारी प्रारंभिक जांच से आपराधिक संलिप्तता स्पष्ट हो गई है। डबरा पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। लगभग 8 से 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल किया गया है। हमें उम्मीद है कि अगर कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है, तो उनके नाम भी इस अपराध में जरूर जोड़े जाएंगे।

हादसे के बाद राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रायगढ़ पहुंचे। उन्होंने मेट्रो हॉस्पिटल, जिंदल हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली। मंत्री ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सरकार इसे गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने भी हादसे पर चिंता जताई है, वहीं मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और श्रम कानूनों के तहत भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल प्लांट को सील कर दिया गया है और जांच पूरी होने तक इसे दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button