धमतरीनगरी

CG BREAKING: दो ग्रामीणों पर हमला करने वाला तेंदुआ मिला मृत, मौत की वजह की जांच में जुटा वन विभाग..!

Chhattisgarh धमतरी जिले के नगरी वन परिक्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात दो ग्रामीणों पर हमला करने वाला तेंदुआ शनिवार सुबह मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला नगरी वन परिक्षेत्र के बिरगुड़ी रेंज के कक्ष क्रमांक 464 स्थित ग्राम कर्राघाटी का है। शुक्रवार रात तेंदुए ने दो ग्रामीणों—धरम नेताम और गांधी राम—पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। दोनों घायलों का इलाज शासकीय चिकित्सालय नगरी में जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हमले के बाद आशंका जताई गई थी कि घायल तेंदुआ गांव में ही कहीं छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नगरी रेंज का पूरा वन अमला मौके पर पहुंचा और सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान तेंदुआ अंजोर सिंह नेताम के घर के भीतर मृत अवस्था में मिला।

एसडीओ वन संजय राउतिया ने बताया कि वन्यप्राणी हमले में घायल धरम नेताम को तत्काल राहत के रूप में 5 हजार रुपये और गांधी राम को 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं तेंदुए की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

घटना के बाद वन विभाग की टीम कर्राघाटी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button