रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक तेज रफ्तार हाइवा ने मॉर्निग वॉक पर निकले दो युवकों को कुचल दिया। सलोनी गांव के दोनों छात्र मॉर्निंग वॉक पर रविवार की सुबह निकले थे। इसी दौरान उन्हें एक तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र योगेंद्र यादव और नीरज ध्रुव की मौत हो गई। सीएम साय ने इस हादसे पर दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख की सहायता राशि की घोषणा की है। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। सोशल साइट X पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा कि धमतरी जिले के ग्राम सलोनी में सड़क दुर्घटना में 2 बच्चों के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। इस दुःखद घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। आपको बता दें कि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह से ही चक्काजाम कर अपना विरोध जताया था। ग्रामीण मृतकों के परिजनों के लिए 50-50 लाख रुपये की मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मृतक दोनो बच्चो का शव रास्ते में रखकर प्रदर्शन कर रहे है।