धमतरी में नशीली दवाइयों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 140 Nitrosun-10 टैबलेट सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने Nitrosun-10 की 140 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट सप्लाई करने के मामले में फरार मुख्य सप्लायर नरेन्द्र निर्मलकर उर्फ निखिल निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में इसी मामले में आरोपी विशेष शर्मा को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि उसने Nitrosun-10 की 14 पत्तियां यानी 140 टैबलेट नरेन्द्र निर्मलकर से 14 हजार रुपये में खरीदी थीं। इसके बाद से नरेन्द्र फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
23 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सिहावा चौक की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर नरेन्द्र निर्मलकर को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने 26 अक्टूबर 2026 को विशेष शर्मा को 140 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट 14 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।
10,400 रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिक्री की शेष 400 रुपये नकदी और घटना में प्रयुक्त पुराने Realme मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया। पुलिस के मुताबिक कुल 10,400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र निर्मलकर उर्फ निखिल निर्मलकर, उम्र 27 वर्ष, निवासी अंबेडकर वार्ड, शीतला मंदिर के पास, धमतरी को 23 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर सीजेएम न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने लोगों से नशीली दवाइयों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से दूर रहने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
