छत्तीसगढ़

CG- किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब घर के नजदीक बेच सकेंगे धान, इस जिले में 21 नए खरीदी केंद्र मंजूर……

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी व्यवस्था को आसान बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेशभर में 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके तहत रायपुर जिले में भी 21 नए खरीदी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों को शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे।

खाद्य विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पहले कुल 2,740 उपार्जन केंद्र थे, जिनमें 360 नए केंद्र जुड़ने से अब इनकी कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इससे राज्य के 2 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं रायपुर जिले की बात करें तो यहाँ पहले 139 उपार्जन केंद्र संचालित थे, जो अब 21 नए केंद्र खुलने के बाद बढ़कर 160 हो गए हैं।

रायपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों और तहसीलों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए केंद्र बनाए गए हैं। अभनपुर तहसील – ग्राम उमरपोटी, बकतरा एवं भरेंगा। आरंग तहसील -ग्राम अकोलीकला, अमेठी, बनरसी, बोहारडीह, मालीडीह, समोदा एवं चरौदा। तिल्दा तहसील क्षेत्र- ग्राम कुम्हारी (खरोरा)-खपरीडीहखुर्द, बूढ़ेनी-भड़हा, तुलसी, भूमिया, भुरसुदा एवं मोहगांव। धरसींवा तहसील- ग्राम परसतराई एवं पवनी। मंदिर हसौद क्षेत्र- ग्राम तोड़गांव एवं मुनगी। गोबरा नवापारा क्षेत्र – ग्राम हसदा शमिल है।

एक तरफ जहाँ नए उपार्जन केंद्रों के खुलने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं और उन्हें घर के पास ही धान बेचने की सुविधा मिल रही है। वहीं दूसरी तरफ पुराने उपार्जन केंद्रों का संचालन करने वाली समितियों की चिंता बढ़ गई है।

समिति प्रबंधकों ने बताया कि, नए केंद्र खुलने से आसपास के पुराने केंद्रों पर धान की आवक लगभग आधी रह जाएगी। इससे मिलने वाला कमीशन भी आधा हो जाएगा, जबकि समितियों का प्रशासनिक और अन्य खर्च पहले जितना ही बना रहेगा।

रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, जिले में 21 नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं, जहाँ धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को परिवहन खर्च और समय दोनों मोर्चों पर बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button