छत्तीसगढ़

CG- उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी: लोगों की लाख चेतावनियों के बावजूद नहीं माना 55 वर्षीय अधेड़, तेज बहाव में बहा, 5 किमी दूर मिला शव…

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में तेज बहाव के बावजूद सरगी नाला पार करने की कोशिश एक 55 वर्षीय ग्रामीण की जान पर भारी पड़ गई। नाले में बहने के करीब एक घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) आज सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे के बाद लगातार बारिश से सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान साथी और वहां मौजूद अन्य लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार करने से मना किया, लेकिन थनवार यादव ने उनकी बात नहीं मानी और नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग उन्हें लगातार रोकते रहे, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही वह तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की धारा उन्हें बहाकर ले गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान करीब एक घंटे बाद थनवार यादव का शव खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर मिला।

फिंगेश्वर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने लगातार हो रही बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button