छत्तीसगढ़

CG Heavy Rain Alert : मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। आज सुबह से ही प्रदेश का मौसम सुहावना है। बादल छाये हुए हैं और कई जिलों में तेज बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम की वजह से बादल छाए रहेंगे और छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश होगी। भारी बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की आशंका भी जताई जा रही है।

रायपुर मौसम विभाग की माने तो पिछले 24 घंटों में, पूरे प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर वर्षा हुई और एक-दो जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। अब तक मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य से 24% कम है। अगले 48 घंटों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है तथा मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होगी।

जानिए मौसम और मॉनसून द्रोणिका के बारे में

समुद्र तल पर मॉनसून द्रोणिका अब श्री गंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची, सागर द्वीप से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक जा रही है और समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है।

गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्सों और उससे सटे उत्तरी झारखंड के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तरी झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर है और समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।

उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक, झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल से होकर गुजरने वाली द्रोणिका समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर बनी हुई है।

दक्षिणी ओडिशा और आसपास के इलाकों के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर है।

Related Articles

Back to top button