छत्तीसगढ़

CG – रायपुर में हाई अलर्ट : 15 अगस्त पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 800 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा, ड्रोन से होगी निगरानी…..

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे देश में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज राजधानी में कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राजधानी रायपुर में 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कमिश्नरेट पुलिस के तीनों जोन में 800 से अधिक पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इतना ही नहीं पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे से भी शहर की निगरानी की जा रही है। होटल, लाॅज और धर्मशालाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के एंट्री और एग्जिट पाॅइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी कर आने-जाने वालों की चेकिंग की जा रही है।

दरअसल, राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा व निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत चेकिंग

शहर के सभी प्रमुख एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी एवं सघन वाहन चेकिंग की जा रही है।

*होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला एवं अन्य ठहरने के स्थानों की सघन चेकिंग की जा रही है।

* संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग की जा रही है।

* प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

* आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों एवं संदिग्धों की चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

* आईटीएमएस के माध्यम से वाहनों एवं यातायात गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

* सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।

* पूरे सुरक्षा अभियान में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button