छत्तीसगढ़

CG – विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तवीरों ने दिखाई मानवता की मिसाल, 89 यूनिट रक्त संग्रहित, रक्तदाताओं का किया गया सम्मान…

विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तवीरों ने दिखाई मानवता की मिसाल

89 यूनिट रक्त संग्रहित, रक्तदाताओं का किया गया सम्मान

जगदलपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा जिला बस्तर एवं आईपीएस वाइफ्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महारानी अस्पताल, जगदलपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

महारानी अस्पताल में आयोजित शिविर में विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडे, सहित अन्य जनप्रतिनिधि की उपस्थिति रही। महापौर संजय पांडे ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों, विशेषकर थैलेसीमिया, सिकलसेल और गंभीर एनीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना था। सुबह 10 बजे प्रारंभ हुए शिविर में पहले घंटे में ही 40 से अधिक पुलिस जवानों ने पंजीयन कराकर रक्तदान किया। दिनभर चले शिविर में कुल 89 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जबकि चिकित्सकीय जांच में अयोग्य पाए जाने के कारण 43 इच्छुक रक्तदाताओं का रक्त नहीं लिया जा सका। शिविर में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। महिलाओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर सक्रिय रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, रेडक्रॉस उपाध्यक्ष श्री अलेक्जेंडर चेरियन, जिला कोषाध्यक्ष ऋषि भटनागर सहित रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

महारानी अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने रक्तदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। रक्तदान से पूर्व प्रत्येक दाता के वजन, हीमोग्लोबिन स्तर एवं रक्तचाप की जांच की गई। चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने पर ही रक्तदान की अनुमति दी गई।रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को ओआरएस घोल, फल एवं अल्पाहार प्रदान किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से सभी रक्तदाताओं को उनकी “असाधारण सेवा” के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button