छत्तीसगढ़

CG – छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार को PG में घुसकर एक नर्सिंग छात्रा की युवक ने चाकू मारकर की हत्या, नहाने गई थी सहेली, इसी बीच आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम, छत्तीसगढ़ पुलिस जांच में जुटी…

भिलाई में PG में घुसकर नर्सिंग स्टूडेंट की हत्या :- नहाने गई थी रूममेट, तभी चाकू लेकर घुसा युवक; एक महीने पहले आई थी

नया भारत डेस्क। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार को एक नर्सिंग स्टूडेंट की हत्या हुई है। खुशी साहू (19) रामनगर इलाके में पीजी में रहती थी। आरोपी युवक उसके पीजी के कमरे में घुसकर धारदार चाकू से हमला कर भाग निकला। मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है। वारदात उस समय हुई, जब उसकी सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा था। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुशी साहू (19) बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। खुशी करीब एक महीने पहले ही भिलाई आई थी और यहां एक शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी-फॉर्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए वह वैशाली नगर के एक कैफे में काम भी करती थी।

नहाने गई थी सहेली, इसी बीच हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, खुशी रामनगर में किराये के कमरे में रहती थी। 5 दिन पहले उसकी एक सहेली भी गांव से भिलाई आई थी और उसी के साथ रहने लगी थी। शुक्रवार सुबह करीब 11.30 से 12 बजे के बीच सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और खुशी पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।जब सहेली नहाकर बाहर आई तो खुशी कमरे के फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। उसने तुरंत मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल खुशी को सुपेला अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में खुशी के एक कथित ब्वॉयफ्रेंड की जानकारी भी सामने आ रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक की पहचान की है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि उसने ही खुशी की हत्या की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह अभी जांच का विषय है। संदेह के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि सहेली ने सबसे पहले खुशी के परिवार के लोगों को फोन कर कहा कि उसने अपने हाथ की नस काट ली है और जल्दी अस्पताल पहुंचे। बाद में उसने बताया कि एक युवक कमरे में आया था और उसने चाकू से हमला कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस सहेली से भी पूछताछ कर रही है।

खुशी के चचेरे भाई देव कुमार साहू ने बताया कि उन्हें पहले खुशी के सगे भाई का फोन आया था कि खुशी ने अपने हाथ काट ली है। वह तुरंत उसके कमरे की ओर निकले, लेकिन रास्ते में सहेली का फोन आया और उसने सीधे अस्पताल आने के लिए कहा। अस्पताल पहुंचने पर सहेली ने बताया कि एक लड़का कमरे में आया था और उसने खुशी पर चाकू से हमला किया।

पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि खुशी की एक युवक से बातचीत होती थी। इस बारे में उसने अपने भाइयों को भी जानकारी दी थी। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। अफेयर समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button