CG – लापरवाही की भेंट चढ़ी मासूम की जिंदगी : इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी हालत, घर पहुंचने से पहले हो गई मौत…..

बलरामपुर। झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद 3 साल के मासूम अभीस चेरवा की मौत से परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला ग्राम जमुआटांड़ का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जमुआटांड़ निवासी मृतक के पिता रमेश चेरवा के मुताबिक, बच्चे को बुखार था। सरनाडीह में भूलेश्वर सिंह उनका इलाज कर रहा था। मौसमी बुखार के इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाने के बाद मासूम की हालत बिगड़ गई और घर पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई।
जानकारी अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में 3 महीने के भीतर झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से यह चौथी मौत है। घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लाेगों ने कहा कि आखिर झोलाछाप डॉक्टरों पर कब लगाम लगेगी? फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी भापेंद्र साहू ने कहा कि बुखार आने पर तीन साल के मासूम को परिजन सरनाडीह में झोलाछाप डॉक्टर भूलेश्वर सिंह के पास लेकर गए थे, जहां इंजेक्शन लगाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। शव का पीएम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


