छत्तीसगढ़

CG-भगवान के घर चोरी : शातिर चोरों ने मंदिर को बनाया निशाना, दानपेटी समेत सोने-चांदी के जेवरात किए पार, जांच में जुटी पुलिस…..

बिलासपुर। जिले के तखतपुर में चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया है। तखतपुर नगर के कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर में दो शातिर चोरों ने धावा बोला। चोर मंदिर की दानपेटी में रखी नगदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध मंदिर के अंदर घुसते और चोरी करते नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखी दानपेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नगदी निकाल ली। चोर मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुए नगदी और जेवरात की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ करने का भी प्रयास किया। हालांकि, इसके बावजूद दो संदिग्ध कैमरे में कैद हो गए। फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस मंदिर के अलावा आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनका पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button