छत्तीसगढ़

CG – कोमाखान बकमा हत्याकांड एक्सीडेंट दिखाने रची गई साजिश दो आरोपी गिरफ्तार पढ़े पूरी ख़बर

महासमुंद//कोमाखान थाना क्षेत्र में युवक चितरंजन पटेल की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला किया था और बाद में घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, 3 मई 2026 को मृतक की मां लीलाबाई पटेल ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम लामीसरार स्थित मुर्गी फार्म के पास दीपेश साहू, कुंजन साहू और एक अन्य व्यक्ति ने चितरंजन पटेल के साथ मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर थाना कोमाखान में धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 324(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद से चितरंजन पटेल इलाजरत था और बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती था। इलाज के दौरान 22 मई 2026 को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ दी।

कब्रिस्तान के पास ले जाकर किया हमला
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों कुंजन साहू और दीपेश साहू ने बताया कि चितरंजन पटेल द्वारा पूर्व में एक आरोपी की बहन को भगाकर ले जाने की घटना को लेकर वे आक्रोशित थे। बदला लेने की नीयत से उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर 15 अप्रैल 2026 को योजना बनाई।

आरोपियों ने लामीसरार मुर्गी फार्म मोड़ के पास चितरंजन को रोका और कब्रिस्तान के पास ले जाकर डंडों से हमला किया। गंभीर चोट लगने से युवक बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को पत्थर से क्षतिग्रस्त कर सड़क किनारे बिजली खंभे के पास छोड़ दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी कुंजन साहू (25) और दीपेश साहू (24) निवासी ग्राम बकमा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button