CG – स्वामी आत्मानंद विद्यालय पचपेड़ी में विषय विशेषज्ञ एवं शिक्षकों की पदस्थापना की मांग कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को लेकर शाला प्रबंधन समिति एवं विद्यालय से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा जिला कलेक्टर, बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में लगभग 1000 छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अध्ययनरत होने के बावजूद विद्यालय में कुछ महत्वपूर्ण विषयों के विषय विशेषज्ञ एवं शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि विद्यालय में पूर्व से कार्यरत हिंदी, गणित, जीव विज्ञान एवं रसायन शास्त्र विषयों के व्याख्याता/शिक्षकों में से कुछ का हाल ही में स्थानांतरण हो गया है। उनके स्थान पर अब तक संबंधित विषयों के विशेषज्ञ व्याख्याता अथवा शिक्षकों की पदस्थापना नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसी प्रकार विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में भी पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अंग्रेजी माध्यम में अध्ययनरत बच्चों के लिए विषयवार एवं कक्षावार पर्याप्त शिक्षक होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत हो सके और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।
शाला प्रबंधन समिति ने जिला प्रशासन से मांग की है कि छात्र-छात्राओं के भविष्य एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में रिक्त एवं आवश्यकता वाले पदों पर हिंदी, गणित, जीव विज्ञान, रसायन शास्त्र सहित अन्य आवश्यक विषयों के विशेषज्ञ व्याख्याताओं एवं शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना/प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में भी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।
शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रारंभ किया गया है। ऐसे में यदि विषय विशेषज्ञ एवं पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं होंगे तो शासन की इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल का अपेक्षित लाभ विद्यार्थियों को नहीं मिल पाएगा। आसपास के लगभग एक हजार विद्यार्थियों का भविष्य इस विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए शिक्षकों की कमी को सामान्य समस्या न मानते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना आवश्यक है।
पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए रिक्त पदों पर शिक्षकों की पदस्थापना की जाए, ताकि विद्यालय में अध्यापन व्यवस्था सुचारू हो सके और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रीमती कविता चंद्रप्रकाश कुर्रे सरपंच, सुरेश खटकर अध्यक्ष व्यापारी संघ अध्यक्ष पचपेड़ी, अश्वनी टंडन अध्यक्ष, स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी, रमेश सूर्यकांत अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी, तथा शैलेन्द्र कांत उपाध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी सहित शाला प्रबंधन समिति से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पचपेड़ी एवं आसपास के ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को शीघ्र आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
शाला प्रबंधन समिति को उम्मीद है कि जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ज्ञापन पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी और विद्यालय में आवश्यक विषय विशेषज्ञों एवं शिक्षकों की पदस्थापना कर शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।




