CG : लिव-इन पार्टनर की हत्या, संबंध बनाने से इनकार पर प्रेमी बना हैवान, लिव-इन पार्टनर की कुदाली से हत्या, ऐसे खुला कत्ल का राज……

बलरामपुर। बलरामपुर के कुसमी में महिला हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। करीब 40 दिन पहले सिंचाई कॉलोनी में अकेली रह रही महिला की हत्या कर दी गई थी। लंबे समय से अनसुलझे इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने महिला के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हत्या की वजह और वारदात से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतिका पिछले करीब 7 से 8 महीने से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे थे। लेकिन घटना वाली रात आरोपी महिला से शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। महिला ने इनकार किया और कथित तौर पर आरोपी से दूरी बनाने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में कुदाली से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
कुदाली से सिर पर किया वार
ये पूरा मामला कुसमी थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी का है। 4 जुलाई को मृतिका की बेटी अपनी मां सरस्वती बरगाह से मिलने उसके घर पहुंची। घर के दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी थी। सिकड़ी खोलकर अंदर पहुंची तो सरस्वती खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट थी और उसकी मौत हो चुकी थी। जांच और पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की शक की सुई मृतिका के परिचित रतन नगेशिया पर जाकर टिक गई।
कैसे खुला मर्डर का राज
पुलिस के मुताबिक रतन घटना के बाद से फरार था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने पूरे हत्याकांड का राज खोल दिया। घटना वाली शाम आरोपी महिला से शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोपी से यहां तक कहा कि उसका मन उससे भर चुका है और वह किसी दूसरे व्यक्ति को तलाश ले। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने कमरे में रखी कुदारी उठाकर सरस्वती के सिर पर वार कर दिया।



