CG – पुलिस का मेगा ऑपरेशन : 89 होटल, लॉज और धर्मशालाओं में एक साथ दबिश, अचानक पहुंची पुलिस तो मच गया हड़कंप…..

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की सेन्ट्रल जोन पुलिस एक्शन मोड पर है। डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने क्षेत्र के 89 होटल, लाॅज और धर्मशाला में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को अचानक अपने सामने देख होटल मालिक और कर्मचारियों के होश उड़ गए।
दरअसल, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर व ADCP (मध्य जोन) विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट पुलिस रायपुर के मध्य जोन अंतर्गत कोतवाली, गोलबाजार, गंज, मौदहापारा, सिविल लाइंस, देवेंद्र नगर व तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में स्थित होटल, लॉज, गेस्ट हाउस व अन्य ठहराव स्थलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना कोतवाली क्षेत्र में 2 होटल, 2 लॉज व 1 धर्मशाला, थाना गोलबाजार क्षेत्र में 6 होटल, थाना गंज क्षेत्र में 32 होटल, थाना मौदहापारा क्षेत्र में 18 होटल एवं 1 लॉज, थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में 13 होटल, थाना देवेंद्र नगर क्षेत्र में 4 लॉज तथा थाना तेलीबांधा क्षेत्र में 10 होटलों की सघन जांच की गई। इस प्रकार कुल 81 होटल, 7 लॉज एवं 1 धर्मशाला सहित कुल 89 ठहराव स्थलों का निरीक्षण किया गया।
होटल संचालकों को निर्देश
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा होटल व लॉज में ठहरे हुए व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वैध पहचान पत्र, होटल रजिस्टर, ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्य शीलता एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही होटल संचालकों को निर्देश किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए और सभी ग्राहकों का रिकॉर्ड रखा जाए।
कार्रवाई के दौरान होटल, लॉज व गेस्ट हाउस संचालकों को “समाधान” एप्लीकेशन की जानकारी भी प्रदान की गई। अभियान के दौरान 68 होटल संचालकों को समाधान एप के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई, जिससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
सीसीटीवी व रजिस्टर संधारण संबंधी कमियां पाए जाने पर 9 संचालकों को आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। वहीं 17 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया।
अभियान के दौरान होटल संचालकों को सीसीटीवी कैमरे निरंतर चालू रखने, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, फरार एवं संदिग्ध अपराधियों की पहचान, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी तथा आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
कमिश्नरेट पुलिस रायपुर द्वारा इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे। आम नागरिकों एवं होटल संचालकों से अपील है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।



