छत्तीसगढ़

CG – बाइक गुम होने का दर्द नहीं सह पाया युवक, ले ली खुद की जान, इस हाल में मिली लाश, इलाके में फैली सनसनी…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी खार निवासी 27 वर्षीय दीपक कुमार कंवर ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। चार दिन पहले उसकी बाइक चोरी हो गई थी। पिता ईश्वर सिंह कंवर खेती-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने काफी मेहनत से किस्तों पर बेटे के लिए बाइक खरीदी थी, जो दीपक के लिए केवल एक वाहन नहीं बल्कि रोजमर्रा की जरूरत और परिवार की सबसे बड़ी पूंजी थी। बाइक चोरी होने के बाद वह हर दिन उसकी तलाश में निकलता और मायूस होकर लौट आता।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने चोरी के मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि चोरी के मामलों में जांच पूरी होने और वाहन का पता नहीं चलने पर ही आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होती है, जिसके बाद बीमा दावा भी आगे बढ़ पाता है। इसी अनिश्चितता और लगातार बढ़ती निराशा ने दीपक को भीतर तक तोड़ दिया। रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा। सूचना पर बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया।

बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि बाइक चोरी की घटना दर्री थाना क्षेत्र की है और उसकी विवेचना वहीं की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उधर दर्री पुलिस बाइक चोरी के मामले में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई।

Related Articles

Back to top button