छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर जमकर बरसेंगे बदरा, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौमस मेहरबान है। मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। ऐसे में प्रदेश में आगामी चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां और तेज गति से बढ़ेंगी। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और मध्यम से भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

हालांकि मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के बावजूद प्रदेश में अब तक बारिश की स्थिति सामान्य से कम बताई जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

अगले 4 दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में आने वाले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।

बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी हो सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में भी हुई बारिश

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रविवार को मानसूनी गतिविधियां देखने को मिलीं। रायपुर के अलावा बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।

बारिश के बाद कई स्थानों पर मौसम सुहावना हो गया। प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बूंदाबांदी या बारिश की संभावना जताई गई है।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश होने की स्थिति में दिन के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं हो सकती हैं।

रायपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट

प्रदेश के बड़े हिस्से के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर समेत कई जिलों में मौसम खराब हो सकता है।

इसके अलावा बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के आसार बताए गए हैं।

इन इलाकों में कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Related Articles

Back to top button