छत्तीसगढ़

CG- अजीबो-गरीब मामला : सरकारी रिकॉर्ड में रिश्तों का उलटफेर! बेटा बन गया पत्नी और पिता को बता दिया पति, हाईकोर्ट पहुंचा मामला…..

बिलासपुर। सरकारी कामकाज और अदालती दस्तावेजों में विभागीय लापरवाही व टंकण की चूक किस तरह किसी व्यक्ति की पहचान तक बदल सकती है, इसका एक चौंकाने वाला मामला छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में सामने आया है। यहां 65 वर्षीय पुरुष पंचायत कर्मचारी नीलम बंबोडे के मामले में पारित आदेश में उनका नाम और संबंध ही गलत दर्ज हो गया था, जिसे हाई कोर्ट ने पुनर्विलोकन याचिका पर सुनवाई करते हुए दुरुस्त कर दिया है।

यह मामला बस्तर जिले के भानपुरी तहसील स्थित ग्राम घोटिया निवासी नीलम बंबोडे से जुड़ा है। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के खिलाफ याचिका दायर की थी। इस प्रकरण में 5 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश के शीर्षक में टंकण की गलती से उन्हें महिला दर्शाते हुए “श्रीमती नीलम बंबोडे, स्व बलिराम बंबोडे की पत्नी” लिख दिया गया था।

इस त्रुटि को सुधारने के लिए कर्मचारी की ओर से पुनर्विलोकन याचिका दायर की गई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता मीना शास्त्री ने कोर्ट को बताया कि नीलम बंबोडे पुरुष कर्मचारी हैं और उनकी आधिकारिक सेवा पुस्तिका में भी उनका नाम ‘नीलम बंबोडे’ तथा पिता का नाम ‘स्व बलिराम बंबोडे’ दर्ज है। विभागीय अभिलेखों और दस्तावेजों के मिलान व सतर्कता के अभाव में यदि आदेश में यह गलत विवरण बना रहता, तो भविष्य में कर्मचारी को प्रशासनिक व सेवा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था। सुनवाई के दौरान राज्य शासन और अन्य प्रतिवादियों के अधिवक्ताओं ने इस सुधार का कोई विरोध नहीं किया।

याचिका की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु के सिंगल बेंच में हुई। कोर्ट ने प्रस्तुत दस्तावेजों और दलीलों पर विचार करने के बाद 5 अक्टूबर 2026 के आदेश में संशोधन करते हुए विवरण को “नीलम बंबोडे, स्व बलिराम बंबोडे के पुत्र” के रूप में सही करने का निर्देश दिया। साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मूल आदेश के बाकी सभी हिस्से पहले की तरह यथावत रहेंगे और पुनर्विलोकन याचिका केवल नाम व संबंध, संबंधी त्रुटि सुधारने की सीमा तक स्वीकार की गई है।

Related Articles

Back to top button