छत्तीसगढ़

CG – छात्र की मौत : 11 केवी तार टूटकर गिरा, करंट से छात्र की मौत, शव रखकर बिजली कार्यालय का घेराव, की ये मांग ……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर घरेलू सर्विस लाइन पर गिरने से करंट फैल गया। इस हादसे में 17 साल के छात्र की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

जानिए पूरा मामला

ग्राम पंचायत गुड़ी के देवारपारा में ओवरलोडिंग के कारण 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। तार सीधे घरेलू सर्विस लाइन पर गिर गया, जिससे पूरे इलाके में करंट फैल गया। इसी दौरान गली में टहलने निकला हिमांशु साहू (17) अंधेरे के कारण टूटे हुए तार को नहीं देख सका। तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद रिश्तेदार उसे तत्काल सीपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही हिमांशु की मौत हो गई। सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हाईटेंशन तार टूटने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण मौके पर घंटों तक चिंगारियां और आग की लपटें उठती रहीं। अंधेरे में उठती लपटों को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में अचानक हाई वोल्टेज करंट फैल गया।

कई घरों में टीवी, कूलर, पंखे, फ्रिज समेत अन्य बिजली उपकरण चालू थे। तेज करंट और शॉर्ट सर्किट के कारण कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए।

घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में सीपत स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक छात्र की जान चली गई और लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है, गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषियों पर कार्रवाई करने और गांव की बिजली व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button