गणेशोत्सव को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, 20 समितियों के साथ हुई अहम बैठक; CCTV और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर…

Chhattisgarh धमतरी…आगामी गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली परिसर में गणेशोत्सव आयोजन समितियों की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार, सिटी कोतवाली पुलिस, विद्युत विभाग के अधिकारी और शहर की करीब 20 प्रमुख गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन समितियों को कानून-व्यवस्था, यातायात और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। समितियों को निर्धारित रूट और समय-सीमा का पालन करने, प्रत्येक पंडाल में CCTV कैमरे लगाने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पंडालों में अग्निशामक यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां रखने, अवैध बिजली हुकिंग से बचने और विधिवत अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के लिए कहा गया।
अधिकारियों ने ध्वनि प्रदूषण और डीजे से जुड़े शासन एवं न्यायालय के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए। वहीं, पंडाल परिसरों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और नशा सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग नहीं करने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश भी समितियों को दिए गए। सभी आयोजन समितियों से अपने पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों की सूची संबंधित थाने में जमा कराने को कहा गया है।
बैठक में मौजूद सभी गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी नियमों का पालन करते हुए गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग करेंगे।
धमतरी पुलिस और प्रशासन ने साफ किया है कि गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

