धमतरी

कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! राइस मिल से 550 क्विंटल धान जब्त, 17 मिलों को नोटिस

शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई, कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई; 17 राइस मिलर्स को पहले ही नोटिस

धमतरी। कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ धमतरी जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।

चावल जमा नहीं करने पर हुई कार्रवाई

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि संबंधित राइस मिल द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के तहत तैयार चावल निर्धारित मात्रा में जमा नहीं कराया गया था। कस्टम मिलिंग कार्य में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मिल से 550 क्विंटल धान जब्त किया।

खाद्य विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत की गई है।

17 राइस मिलर्स को पहले ही जारी हो चुका नोटिस

प्रशासन ने बताया कि जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले 17 राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा मिलर्स के कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है।

जिले में 1.24 लाख किसानों से खरीदा गया धान

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए कुल 1,29,593 किसानों का पंजीयन किया गया था। इनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल हैं।

पंजीकृत किसानों के पास कुल 1,27,713.74 हेक्टेयर रकबा दर्ज था। इनमें से 1,24,465 किसानों से 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। खरीदे गए धान की कुल राशि 1,41,432.62 लाख रुपये रही।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने, अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने अथवा निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शासन के निर्देशों के अनुरूप धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का फोकस समय पर कस्टम मिलिंग पूरा कराने और शासन के धान-चावल संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने पर है।

Related Articles

Back to top button