CG घर की परछी में मिली महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान… पति पर शक, पुलिस कर रही पूछताछ

घर की परछी में गंभीर घायल अवस्था में मिली महिला, शरीर पर मिले चोट के निशान; केरेगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला घर की परछी में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलने के बाद केरेगांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
परछी में घायल मिली महिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटाभर्रीडीह निवासी सत्यवान ध्रुव (58 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वे भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान ग्राम बाहनापथरा निवासी राजकुमार कमार उनके घर पहुंचा और आवाज देकर उन्हें उठाया।
बताया गया कि राजकुमार कमार शाम करीब 7 बजे स्टॉप डैम में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल को देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसने अपनी पत्नी सत्याबाई कमार (34 वर्ष) को घर की परछी में गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। महिला के माथे, ठुड्डी, पैर और भुजा में चोट के निशान बताए गए हैं। कुछ ही समय बाद महिला की मौत हो गई।
शरीर पर मिले चोट के निशान
घटना की जानकारी मिलने पर सत्यवान ध्रुव राजकुमार कमार के घर पहुंचे। वहां महिला का शव कंबल से ढका हुआ मिला। कंबल हटाकर देखने पर उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रार्थी सत्यवान ध्रुव और ग्राम कोटवार हीरासिंह नेताम की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया तथा शव पंचनामा की कार्रवाई की।
पति से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में महिला की मौत के संबंध में प्रथम दृष्टया उसके पति पर संदेह होने के कारण उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, महिला की मृत्यु का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
पुलिस द्वारा घटनाक्रम, मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और चोटों की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।