CG – तहसील मस्तूरी में पटवारी रामकिशोर भोई का गरिमामय माहौल में सेवानिवृत्ति समारोह हुआ संपन्न पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//जिले तहसील मस्तूरी अंतर्गत पदस्थ पटवारी श्री रामकिशोर भोई के सेवानिवृत्त होने पर राजस्व पटवारी संघ मस्तूरी द्वारा गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) मस्तूरी शिवकुमार कंवर, तहसीलदार शिल्पा भगत, अतिरिक्त तहसीलदार चांदनी ध्रुव, समस्त राजस्व निरीक्षकगण, राजस्व पटवारी संघ मस्तूरी के सभी पटवारी तथा भोई के परिवारजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रामकिशोर भोई ने राजस्व विभाग में 37 वर्षों तक सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य, सरल स्वभाव एवं सहयोगात्मक व्यवहार से अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन के बीच एक विशेष पहचान बनाई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में राजस्व पटवारी संघ मस्तूरी की वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए रामकिशोर भोई एवं उनकी धर्मपत्नी को ससम्मान रिक्शा में बैठाकर भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान, आत्मीयता एवं अपनत्व से परिपूर्ण यह समारोह सभी उपस्थितजनों के लिए एक यादगार एवं भावुक पल बन गया।




