
छत्तीसगढ़ धमतरी जिले में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए गांजा तस्करी के आरोपी को आखिरकार सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल से फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी थीं। ग्रामीणों और स्थानीय पत्रकारों की सूचना के आधार पर आरोपी को नगरी क्षेत्र से दबोच लिया गया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस, जनता और मीडिया के समन्वय की मिसाल पेश की है।
जिले के नगरी क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार गांजा तस्करी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी पलाश गजभिए को सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा बैरियर के पास एक कार से गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। कानूनी कार्रवाई के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए आरोपी को नगरी अस्पताल लाया गया था, जहां से वह पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला।
आरोपी के फरार होते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाने लगी। पुलिस की टीमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों में आरोपी की तलाश में जुट गईं।
तलाश अभियान के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय पत्रकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार सात घंटे तक चली खोजबीन के बाद नगरी के चुरियारापारा क्षेत्र में आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली। बताया जाता है कि आरोपी एक घर में खाना खा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों को सक्रिय किया गया था। लगातार सर्च अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और मीडिया के सहयोग से आरोपी का लोकेशन मिला और उसे सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार अपराधी स्थानीय स्तर पर मदद लेकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस मामले में जनता, मीडिया और पुलिस के बेहतर समन्वय ने फरार आरोपी को जल्द पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
सात घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन की सफलता ने यह साबित कर दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता, मीडिया और पुलिस की साझेदारी कितनी महत्वपूर्ण है। फिलहाल आरोपी को पुनः हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



