धमतरी

धमतरी पुलिस की हाईटेक पहल, 12 नई डायल-112 ईआरवी से मिलेगा त्वरित पुलिस रिस्पांस…

धमतरी जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में धमतरी पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में पुलिस लाईन स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में डायल-112 एवं ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) में पदस्थ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस रिस्पांस को अधिक त्वरित, प्रभावी और जनहितकारी बनाना रहा। इस दौरान जिले को प्राप्त 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, तकनीकी समन्वय एवं घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने की रणनीति पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के 12 थाना क्षेत्रों में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, मारपीट, विवाद एवं अन्य आपात स्थितियों में नागरिकों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शहर क्षेत्रों में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

बताया गया कि 20 मई को सभी डायल-112 एवं ईआरवी वाहनों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम जनता की सुरक्षा, विश्वास और त्वरित राहत का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कॉल को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करें।

कार्यशाला में कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद शैली, टीमवर्क, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग, वायरलेस समन्वय और रिस्पांस टाइम कम करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। वहीं वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, आपातकालीन मार्ग संचालन और वाहन रखरखाव संबंधी विशेष दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी विपिन रंगारी सहित डायल-112 एवं ईआरवी के सभी अधिकारी, कर्मचारी और वाहन चालक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button