धमतरीनगरी

17वें जन्मदिन पर मुकुंद ने चुनी सेवा की राह, मुक्तिधाम और किसानों को दी शीतल जल की सौगात…!

धमतरी नगरी… आज के दौर में जहां जन्मदिन बड़े होटलों, रिसॉर्ट और भव्य पार्टियों में मनाने का चलन बढ़ता जा रहा है, वहीं नगर पंचायत नगरी के एक 17 वर्षीय युवक ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

नगर के प्रतिष्ठित सोना-चांदी व्यवसायी एवं जीनियस पब्लिक स्कूल के संचालक मोहन सोनी के पुत्र मुकुंद सोनी ने अपने 17वें जन्मदिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 9 स्थित मुक्तिधाम में अपने स्वर्गीय दादा सेठ बस्तीमल जी सोनी की स्मृति में एक वाटर कूलर भेंट किया। इसके साथ ही मंडी परिसर के सामने किसानों एवं नगरवासियों के लिए शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु वाटर कूलर और पानी टंकी की व्यवस्था भी कराई गई।

मुकुंद सोनी की इस अनूठी पहल ने नगर के युवाओं को यह संदेश दिया है कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने का माध्यम भी बन सकता है। कम उम्र में उनकी सेवा भावना और सामाजिक सोच नगरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

इसी अवसर पर समाजसेवी अनिल वाधवानी ने अपने स्वर्गीय पिता मुरलीधर वाधवानी की स्मृति में मुक्तिधाम परिसर में सीसीटीवी कैमरे प्रदान किए। मुक्तिधाम में असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को देखते हुए यह व्यवस्था सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वहीं व्यवसायी प्रेमजीत सिंह छाबड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता सरदारनी चरणजीत कौर छाबड़ा की स्मृति में ध्वनि यंत्र (साउंड सिस्टम) प्रदान किया, जिससे अंतिम संस्कार एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान आध्यात्मिक वातावरण का लाभ लोगों को मिल सकेगा।

दोनों स्थानों पर स्थापित वाटर कूलर का विधिवत लोकार्पण श्रीमती पार्वती सोनी, पत्नी स्वर्गीय बस्तीमल जी सोनी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने सभी समाजसेवी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों एवं स्वजनों की स्मृति में जनहित के कार्य करना अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे कार्य न केवल दिवंगत आत्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं, बल्कि समाज को भी स्थायी लाभ पहुंचाते हैं।

उन्होंने नगरवासियों से भी अपने परिजनों की स्मृति में जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया तथा कहा कि नगर पंचायत ऐसे सभी पुनीत कार्यों में सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। अध्यक्ष ने विशेष रूप से मुकुंद सोनी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और समाजसेवा की भावना को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में सभापति अश्वनी निषाद, शंकर देव, पार्षद जयंती, टुकेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, अंबिका ध्रुव, चेलेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, नरेश पटेल, राजा पवार, संतोष अगलावे, शंकर पंजाबी, योगेश साहू, लक्ष्मी गुप्ता, विनय नाग एवं संजू निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button