Jannah Theme License is not validated, Go to the theme options page to validate the license, You need a single license for each domain name.
अन्य ख़बरें

प्रधानमंत्री आवास सर्वे की धीमी गति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी….नगरी जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश…

समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर ने शासकीय कामकाज की समीक्षा की


धमतरी… कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की जिले में संचालित शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए सर्वे का काम तेजी से पूरा करने को कहा। कलेक्टर ने आवास सर्वे में धीमी गति पर नगरी जनपद पंचायत के सीईओ के प्रति नाराजगी जताई और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखण्डों में बन चुके मकानों के फोटो ऑनाईन पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि आवास योजना के निर्माणाधीन मकानों का काम जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, एडीएम श्रीमती रीता यादव सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी बरसात के मौसम में जिले में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने आंगनबा़ड़यों में दर्ज सभी बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हाल ही में राज्य शासन द्वारा स्वीकृत नई आंगनबाड़ियां के लिए भवन निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को गरम भोजन देने और जरूरत अनुसार ही पूरक पोषण आहार भण्डारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में दर्ज बच्चों के पात्रता अनुसार जाति प्रमाण पत्र बनाने के काम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों के अपार आईडी बनाने, पीएमश्री स्कूलों में किए जा रहे विकास कार्यों और साक्षरता मिशन के तहत उल्लास कार्यक्रम की भी जानकारी अधिकारियों से ली।
कलेक्टर ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत शामिल गांवों में वर्तमान में उपलब्ध सुविधाओं- सड़क, बिजली, पानी, आवास आदि का आधारभूत सर्वे जल्द से जल्द खत्म करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में इस परियोजना में शामिल होने से छूट गई बसाहटों को भी लाभान्वित करने राज्य सरकार से पत्राचार करने को कहा। कलेक्टर ने सभी नोडल जिला अधिकारियों को आश्रम-छात्रावासों का प्रतिमाह निरीक्षण कर प्रतिवेदन देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मौसम आधारित बीमारियों जैसे-डायरिया, पीलिया, टायफाईड आदि से निपटने और उनके रोकथाम के सभी संभव उपाय सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने पिछले तीन सालों में इन रोगों से लगातार प्रभावित होने वाले गांवों में पीने के पानी की जांच करने, पानी की टंकियों की सफाई करने और लोगों में जनजागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए ब्लॉक स्तरीय शिविर लगाने को भी कहा। उन्होंने आगामी सात अप्रैल से शुरू हो रहे राजस्व पखवाड़ों में किसान किताब, बटांकन, सीमांकन, आधार सीडिंग, अविवादित नामांतरण जैसे प्रकरणों को मौके पर ही निराकृत करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीकृत करने के निर्देश श्रम विभाग के अधिकारियों को दिए।
श्री मिश्रा ने अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों को नियमानुसार निराकृत करने के लिए तेजी से प्रक्रिया करने के निर्देश सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों को भी जल्द से जल्द निपटाने को कहा। श्री मिश्रा ने ऐसे लंबित प्रकरणों को आगामी एक माह में पूरी तरह निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन पोर्टल में प्राप्त आमजनों की शिकायतों और समस्याओं का भी निर्धारित समय अवधि में निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Related Articles

Back to top button