नगरी

साइकिल मिली तो आसान हुआ स्कूल का सफर, गट्टासिल्ली में छात्राओं में दिखा उत्साह,चेहरे पर दिखी खुशी

नगरी गट्टासिल्ली छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टासिल्ली में छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान कर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा रहे। उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं की शिक्षा को आगे बढ़ाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के लिए दूरी और परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ता है। साइकिल मिलने से उनकी यह परेशानी काफी हद तक दूर होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

महेश गोटा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ी है। छात्राएं इस अवसर का लाभ उठाकर मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने परिवार, गांव तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें। सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब विद्यार्थी उनका लाभ लेकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में कुकरेल मंडल अध्यक्ष संजय मरकाम, इंदल प्रजापति, ननकुदास मानिकपुरी सहित विद्यालय के प्राचार्य सोहनी नेताम, व्याख्याता निकेश कुमार सेन एवं सुनीता मंडावी उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस दौरान छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। विद्यालय परिवार ने भी शासन की इस योजना को बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण योजना बताया,कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button