CG – रिसाॅर्ट में मिली युवती की लाश मामले में सनसनीखेज खुलासा : जबरन नशा कराया, फिर मृतिका के साथ किया दुष्कर्म, रिसाॅर्ट संचालक समेत तीन गिरफ्तार…..

राजनांदगांव। राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मनगट्टा के ‘विसलीइंग वुड रिसॉर्ट’ में भिलाई की 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिसॉर्ट के संचालक ने मृतिका के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी संचालक अशुतोष हिरवानी, दोस्त छत्रपाल व घनश्याम ने युवती को जबरन नशा करवाया, फिर उसके साथ अशुतोष ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने रिसाॅर्ट संचालक से पूछताछ के बाद तीन आरोपियों को पकड़ा है। साथ ही एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर रिसाॅर्ट को सील कर दिया गया है।
आरोपियों का नाम
आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा, पोस्ट सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव।
छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी ग्राम टेड़ेसरा गुड़ीपारा वार्ड क्रमांक 16, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव।
घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी ग्राम निकुम बाजारपारा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 18 जून को मनगटा स्थित विसलिंग रिसाॅर्ट के बाथरूम में 24 वर्षीय युवती की लाश मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच में पता चला कि मृतिका 24 वर्षीय युवती भिलाई की निवासी थी और रिसाॅर्ट संचालक आशुतोष उसे अपने साथियों के साथ लेकर पहुंचा था। घटना के बाद से अशुतोष व उसके साथी फरार थे।
घटना को एसपी अंकिता शर्मा ने गंभीरता से लिया और ASP कीर्तन राठौर, CSP अलेक्जेंडर किरो, CSP वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना सोमनी व साइबर सेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। जाँच में पता चला कि रिसाॅर्ट संचालक आशुतोष उर्फ आशु अपने साथी छत्रपाल उर्फ बल्लू व घनश्याम बेलचंदन के साथ मृतिका को लेकर विसलिंग रिसाॅर्ट मनगटा पहुंचा था।
आशुतोष ने किया दुष्कर्म
पुलिस ने बिना देरी किये आरोपी आशुतोष को पकड़ा और कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आशुतोष ने बताया कि 17 जून को अपने अन्य साथियों के साथ पहले रायपुर पहुंचा। यहां सिमर्स क्लब में पार्टी करने के बाद देर रात राजनांदगांव के मनगटा स्थित विसलिंग रिसाॅर्ट पहुंचे। यहां भी जमकर पार्टी किए। मृतिका जब मदहोश हो गई तो आशुतोश ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया, जिससे मृतिका को चोटें भी आईं थी।
18 जून की सुबह युवती की लाश बाथरूम में देख सभी घबराकर फरार हो गए। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई है। प्रकरण में धारा 64, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया।
फिलहाल राजनांदगांव पुलिस पकड़े गए आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



