धमतरी

संविधान मूल्यों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं सक्रिय भूमिका: शमशाद बेगम

संविधान दिवस पर माय भारत धमतरी ने आयोजित किया ‘विकसित भारत युवा संवाद’, पद्मश्री शमशाद बेगम ने साझा किए संघर्ष और सामाजिक सेवा के अनुभव

धमतरी। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत) धमतरी द्वारा बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ना रहा।

पद्मश्री शमशाद बेगम ने सुनाई संघर्ष की कहानी

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता शमशाद बेगम ने युवाओं से अपने जीवन के संघर्ष और सामाजिक सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनके समय में महिलाओं के लिए शिक्षा हासिल करना आसान नहीं था। अनेक सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने महिला कमांडो का गठन कर ग्रामीण महिलाओं को एकजुट करने और उनमें जागरूकता लाने का कार्य किया।

उन्होंने राष्ट्रीय साक्षरता मिशन के अंतर्गत महिलाओं को साक्षर बनाने के अपने अनुभव भी साझा किए। महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

कार्यक्रम में यूथ आइकॉन गुलाब सिंह वर्मा ने पीपीटी के माध्यम से ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत के पंच प्रण, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का जागरूक, जिम्मेदार और नशामुक्त होना जरूरी है।

संविधान की प्रस्तावना का कराया गया वाचन

कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम ने संविधान दिवस के महत्व और संविधान में निहित मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं अनुविभागीय अधिकारी मुकेश बजाज ने युवाओं को संबोधित करते हुए सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अतिथियों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। विधि विभागाध्यक्ष प्रो. दुर्गेश प्रसाद ने आभार प्रदर्शन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सरला द्विवेदी ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, माय भारत के प्रतिनिधि एवं युवा स्वयंसेवक, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धनेश मंडावी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button