बिग ब्रेकिंग/चिल्फी बॉर्डर पर गांजे की सबसे बड़ी खेप में से एक पकड़ी। गुप्त चेंबर में छिपा था 4 क्विंटल 47 किलो गांजा,₹2.50 करोड़ का माल जब्त।

कवर्धा/चिल्फी। कबीरधाम पुलिस ने चिल्फी बॉर्डर पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
एनएच-30 पर थाना चिल्फी के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने बोडला की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में खाकी टेप से लिपटे पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था।
मामले में बलजीत सिंह,निवासी अमृतसर (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कुल ₹2.50 करोड़ से ज्यादा का मशरूका जब्त
– गांजा:4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम — ₹2.23 करोड़
– कंटेनर ट्रक — ₹27 लाख
– मोबाइल फोन — ₹5 हजार
– कुल जब्ती — ₹2,50,80,250
आईजी ने पुलिस टीम को दिया ₹25 हजार का इनाम
कार्रवाई से प्रभावित होकर आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस एवं चिल्फी थाना टीम को ₹25 हजार नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क और अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है। सीमावर्ती चिल्फी क्षेत्र में पुलिस की सघन निगरानी और वाहन जांच लगातार जारी रहेगी।



