CG News : महिला सरपंच को जिंदा जलाने की धमकी, नौगई हत्याकांड जैसा अंजाम देने की चेतावनी……

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सोनहत की महिला सरपंच को नौगई हत्याकांड जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी दी गई है। इसकी रिपोर्ट सरपंच मानमति ने थाने में दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने धमकी देने वाले चाचा-भतीजे के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है।
दरअसल, सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में 16 जून की रात लल्ला सिंह समेत 3 लोगों की कार में जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी। इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की बात आरोपी राजेन्द्र साहू ने सरपंच से सबके सामने कही।
30 जून को पंचायत कार्यालय में सचिव व पंचों की उपस्थिति में बैठक चल रही थी। इसी बीच पहले पंच पति जयकरण साहू वहां पहुंचा और अपने निजी बोर का पैसा मांगने लगा। जब उन्होंने मना किया तो यह जानते हुए भी कि वे एक आदिवासी महिला सरपंच हैं, इसके बाद भी जातिगत गाली दी। उसके बाद उसका भतीजा राजेन्द्र प्रसाद साहू आया और गाली देने लगा। उसने कहा कि सरपंच बन गई हो तो ज्यादा उड़ों मत। फिर उसने जान मारने की धमकी दी। इसके बाद सरपंच अपने पति को बुलाकर अन्य पंचों की मदद से घर पहुंचीं। मामले में पंचों से राय लेकर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी जयकरण साहू और राजेंद्र साहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। राजेन्द्र के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज है और वह गुंडा सूची में भी शामिल रहा है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।



