CG – दर्दनाक : शादी के महज 20 दिन बाद उजड़ा युवती का सुहाग, ऐसे हुआ पति हादसे का शिकार, परिजनों में मचा कोहराम, इलाके में शोक का माहौल…..

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र से सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। चुरैला नाला के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों में मौके पर ही आग लग गई। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक वाड्रफनगर से खरीदारी (मार्केटिंग) कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चुरैला नाला के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलों में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे से जुड़ी एक बेहद मार्मिक जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में से एक युवक की शादी महज 20 दिन पहले ही हुई थी। इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।



