नगरी

सात सूत्रीय मांगों को लेकर सहायक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन ने विधायक अंबिका मरकाम को सौंपा ज्ञापन..!

नगरी छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, विकासखंड नगरी, जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने आज सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम को अपनी विभिन्न लंबित मांगों के संबंध में सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर शासन स्तर पर शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया।

फेडरेशन ने बताया कि सहायक एवं समग्र शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान हेतु प्रदेशभर में आंदोलन चल रहा है। इसी क्रम में विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए उनसे मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग के समक्ष शिक्षकों की मांगों को प्रमुखता से रखने तथा शीघ्र निराकरण के लिए पहल करने का अनुरोध किया गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से वेतन विसंगति एवं क्रमोन्नति, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, टीईटी एवं विभागीय परीक्षा से संबंधित विसंगतियों का समाधान, पदोन्नति में वरिष्ठता का संरक्षण, वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) एप की तकनीकी समस्याओं का समाधान, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति तथा युक्तियुक्तकरण के दौरान प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक पद को यथावत रखने जैसी सात प्रमुख मांगें शामिल हैं।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक अंबिका मरकाम शिक्षकों की जायज मांगों को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर उनके शीघ्र निराकरण में सकारात्मक पहल करेंगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के विकासखंड नगरी एवं जिला स्तर के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button