CG – एसपी का निर्देश दरकिनार मारपीट का आरोपी बेखौफ घूमकर दे रहा धमकी-मेरी पहुँच ऊंची है कोई कुछ नही बिगाड़ सकता! पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा//एक तरफ प्रदेश में सुशासन और त्वरित न्याय की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ एसपी के स्पष्ट निर्देश के बाद भी थाना स्तर पर कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है। पाली विकासखण्ड के ग्राम मौहापानी (भेलवाटिकरा मोहल्ला) का मामला कटघोरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा है। जहां मारपीट, गाली- गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने के बाद भी पुलिस का रवैया निष्क्रिय बना हुआ है। वहीं आरोपी के बेखौफ धमकी से पीड़ित परिवार दहशतजदा हैं।
मामले में प्रार्थी भरतलाल यादव, पिता संतराम, निवासी भेलवाटिकरा, थाना कटघोरा ने एसपी को दिए अपनी शिकायत में बताया था कि दिनांक 12 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे देउरभांठा स्थित वश किराना दुकान सामान लेने जाते समय आरोपी बलराम सिंह कंवर, पिता मंगल सिंह ने उसे रोककर गाली- गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। दिए शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने यह भी कहा कि अगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराओगे तो काट दूंगा, मेरा ग्रुप चलता है और घर घुसकर मार दूंगा।
पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद डॉयल 112 और फिर 13 अगस्त को थाना कटघोरा पहुँचकर लिखित शिकायत दी, पर कोई कार्रवाई नही हुई। जिसके बाद पीड़ित भरतलाल ने 24 अगस्त को एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। सूत्रों के अनुसार एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कटघोरा पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन निर्देश के एक सप्ताह बाद भी पुलिस का रवैया सुस्त बना हुआ है और न ही आरोपी पर कोई शिकंजा कसा। इससे आरोपी का हौसला बुलंद है एवं गांव में बेखौफ घूम रहा है तथा पीड़ित व उसके परिवार को डरा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी गांव में जगह- जगह जाकर कह रहा है कि मेरी पहुँच ऊंची है, मेरा कोई कुछ नही बिगाड़ सकता, मैं शिकायत करने वाले को जान से मार दूंगा।
आरोपी के इस खुले धमकी से पीड़ित भरतलाल यादव व उसका परिवार भयभीत और दहशत में हैं, उन्हें अनहोनी की आशंका सता रही है। ऐसे में कानून व्यवस्था पर यह सवाल उठ रहा कि क्या कटघोरा पुलिस किसी दबाव में हैं? क्यों एक गरीब ग्रामीण की शिकायत पर 20 दिन बाद भी कार्रवाई नही हो रहा? क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है? पीड़ित परिवार ने एक बार फिर संवेदनशील एसपी श्री तिवारी से मांग की है कि इस मामले में आरोपी पर तत्काल उचित कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय एवं सुरक्षा प्रदान की जाए।




