CG – भारी बारिश ने दिखाया था रौद्र रूप ओखर-गिधपुरी मार्ग पर पुल जर्जर कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी/बिलासपुर//पिछले दिनों हुई भारी और मूसलाधार बारिश का कहर अब धीरे-धीरे सामने आने लगा है। प्रकृति के रौद्र रूप से क्षेत्र की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, कहीं पुल टूट गए हैं तो कहीं कई गांवों का संपर्क अन्य गांवों से टूट चुका है।
ऐसा ही खतरनाक हाल ओखर और गिधपुरी को जोड़ने वाली सड़क का हो गया है। ओखर से निकलने पर पड़ने वाले पहले नाले के ऊपर बने पुल की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पुल के दोनों तरफ की सड़क बारिश के तेज बहाव में पूरी तरह बह चुकी है। पुल के ऊपर बड़ा गड्ढा हो गया है, गिट्टियां उखड़कर बिखर गई हैं और डामर की परत उधड़ गई है। पुल कभी भी भरभराकर टूट सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग दो गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, किसान और दोपहिया-चारपहिया वाहन इसी पुल से गुजरते हैं। जर्जर पुल से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीण लगातार प्रशासन से इस पुल और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं, ताकि कोई बड़ी अनहोनी होने से पहले इसे दुरुस्त किया जा सके।




