विजयादशमी पर धमतरी पुलिस ने की अस्त्र-शस्त्र पूजा, एसपी भावना पांडेय ने दी जिलेवासियों को शुभकामनाएं

धमतरी। विजयादशमी के पावन पर्व पर धमतरी पुलिस ने अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए रक्षित केंद्र धमतरी में अस्त्र-शस्त्र एवं शासकीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय सहित पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया।
मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ शस्त्र पूजा की। विजयादशमी को सत्य की असत्य पर तथा धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा के तहत प्रतिवर्ष धमतरी पुलिस द्वारा अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की जाती है।
इस अवसर पर एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस परिवार एवं जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रक्षित केंद्र धमतरी के साथ जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी अस्त्र-शस्त्र और शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र पांडेय, होमगार्ड कमांडेंट श्रीमती शोभा ठाकुर, रक्षित निरीक्षक श्री विपुल आनंद जागड़े, मुख्य लिपिक निरीक्षक (एम) श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, स्टेनो निरीक्षक (एम) श्री अखिलेश शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
