छत्तीसगढ़ के भूपेन्द्र नाग बने भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अनमोल झा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह…

डेस्क : छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी भूपेन्द्र नाग (Bhupendra Nag) को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं प्रदेश के अनमोल झा (Anmol Jha) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के इन दो नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
भूपेन्द्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संगठन में काम करने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।
कौन हैं भूपेन्द्र नाग
भूपेन्द्र नाग छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे कांकेर जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 4 मई 1991 को हुआ है। वह अनुसूचित जनजाति समूह की बल्बा जाति से आते हैं। भूपेन्द्र नाग ने बस्तर विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है। भूपेन्द्र नाग भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ के पूर्व मीडिया पैनलिस्ट भी रहे हैं।
संगठन में काम का अनुभव
भूपेन्द्र नाग, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष भी रहे चुके हैं। इसके साथ ही वह दुर्ग संभाग के प्रभारी भी रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीति की शुरुआत 2007 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। भूपेन्द्र नाग के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वह अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
प्रदेश संगठन में किए कामों का ईनाम
जानकारी के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य के साथ -साथ प्रदेश स्तर पर संगठन में अच्छा काम करने का इनाम उन्हें मिला है। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।



