अन्य ख़बरें

नगरी में कांग्रेस का हल्लाबोल! ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन में पुतला दहन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग..!

नगरी में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण, बस स्टैंड में पुतला दहन एवं पैदल मार्च कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Dhamtari नगरी। राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ–देश बचाओ” चरणबद्ध जनआंदोलन अभियान के तहत गुरुवार को नगरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी, कुकरेल एवं बेलरगांव के संयुक्त तत्वावधान में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कार्यक्रम की शुरुआत गांधी उद्यान, नगरी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात कांग्रेसजन बस स्टैंड, नगरी पहुंचे, जहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) कार्यालय, नगरी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही मतदाता सूची में पारदर्शिता, पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा तथा निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई।

विधायक अम्बिका मरकाम ने अपने संबोधन में लोकतंत्र की रक्षा का किया आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिहावा विधायक श्रीमती अम्बिका मरकाम ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की संवैधानिक जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव केवल सरकार बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की इच्छा, विश्वास और अधिकारों की अभिव्यक्ति हैं। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होनी चाहिए।

विधायक मरकाम ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का गंभीरता से निराकरण किया जाना चाहिए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए तथा किसी भी नागरिक को उसके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान इसी उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि जनता के मत की ताकत और लोकतंत्र की गरिमा सुरक्षित रह सके। उन्होंने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करें तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करें।

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सर्वोपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण और समयबद्ध समाधान होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

कांग्रेसजनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, मतदाता सूची की प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने, पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने की मांग रखी गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जनता के सवालों और शिकायतों का उचित समाधान आवश्यक है। इसी उद्देश्य से “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के अंतर्गत चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेसजनों की रही प्रमुख उपस्थिति

इस आंदोलन में सिहावा विधायक श्रीमती अम्बिका मरकाम, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व विधायक श्री अशोक सोम, इस्मिता सिंह, भानेद्र ठाकुर, कमलेश मिश्रा, रामभरोस साहू, कैलाश प्रजापति, अनवर रजा, राजू सोम, अखिलेश दुबे, मुनेंद्र ध्रुव, जीवन नहाटा, भूषण साहू, तमेश्वरी साहू, आशीष सिंह, नन्दनी साहू, छमा साहू, दुर्गेश नन्दनी, पुष्पा माण्डवी, रेणुका शर्मा, अनसूया साहू, मिक्की गुप्ता, जयंती साहू, कृति मरकाम, हरीश साहू, सचिन भंसाली, अयूब खान, मयक ध्रुव, महेंद्र पाण्डेय, खम्मन साहू, महेंद्र धेनुसेवक, रोहित मानिकपुरी, नटवर नेताम, उत्तम नेताम, हितेश सोनवानी, दुर्गेश कश्यप, आसिफ खान, रातेश्वर नेताम, संत नेताम, नगेन्द्र पुजारी, नन्द कुमार निषाद, सुरेश कोर्राम, रमाकांत तिवारी एवं सोमनाथ नेताम सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की ओर से विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव, नगर अध्यक्ष राकेश नेताम, जिला उपाध्यक्ष भावेश चांदनिया, विधानसभा महासचिव लाकेश्वर साहू, महाविद्यालय अध्यक्ष लक्ष्य तिवारी एवं विधानसभा सचिव यतिन साहू सहित छात्र संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

इसके अतिरिक्त जग्गू पटेल, रूपेश नेताम, मनोज साहू, साहिल नेताम, घनश्याम ध्रुव, टिमन साहू, मिथल साहू, विनय साहू, गुंजन मरकाम, मोनू भारती, चुम्मन नाग, डुमेंद्र मरकाम, राहुल नाग, मेहुल भारती, तेजू मरकाम एवं शंकर यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में नगरी, कुकरेल एवं बेलरगांव ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, सेवादल तथा अन्य विभागों एवं संगठनों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया तथा आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया

Related Articles

Back to top button